70-80 साल पुराना पीपल का विशाल पेड़ अचानक धराशायी, बाल-बाल बचे लोग

मुरलीगंज दुर्गा स्थान से अस्पताल और थाना रोड जाने वाले मार्ग में कला भवन के समीप स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर का विशाल पीपल का पेड़ शनिवार को करीब 11 बजे अचानक धराशायी हो गया। दशकों पुराने इस पेड़ के अचानक गिरने से इलाके में अफरातफरी मच गयी। हालांकि, गनीमत रही कि पेड़ पूर्व दिशा की ओर गिरा, जिससे सड़क से गुजर रहे लोग और आसपास रहने वाले लोग इसकी चपेट में आने से बच गये।

मंदिर के पुजारी आमोद कुमार ने बताया कि करीब 11 बजे अचानक पेड़ पूर्व दिशा की ओर झुकने लगा। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही विशाल पेड़ धड़ाम से जमीन पर गिर गया। पेड़ गिरने से अस्पताल-थाना रोड पर आवागमन बाधित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे। पेड़ की टहनियों और तने को कटवाकर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

पश्चिम दिशा में गिरता तो हो सकता था बड़ा नुकसान

बजरंगबली मंदिर परिसर में ही पुजारी आमोद कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि विशाल पेड़ पश्चिम दिशा की ओर गिरता तो मंदिर परिसर में बने घर और आसपास के लोगों को भारी नुकसान हो सकता था।

स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार पीपल का पेड़ करीब 70 से 80 वर्ष पुराना था। इतने पुराने और विशाल पेड़ के अचानक गिरने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने कहा कि पेड़ के पूर्व दिशा में गिरने से बड़ा हादसा टल गया।

70-80 साल पुराना पीपल का विशाल पेड़ अचानक धराशायी, बाल-बाल बचे लोग 70-80 साल पुराना पीपल का विशाल पेड़ अचानक धराशायी, बाल-बाल बचे लोग Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on September 26, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.