सहरसा में पत्रकार से दुर्व्यवहार मामले में मधेपुरा के पत्रकारों ने स्वास्थ्य मंत्री को डीएम के माध्यम से भेजा ज्ञापन

सहरसा सदर अस्पताल में रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकार अभिषेक कुमार के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना के विरोध में ऑल इंडिया रिपोर्टर्स एसोसिएशन (AIRA) की मधेपुरा जिला इकाई ने स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन भेजकर पत्रकारों की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान की मांग की है। ज्ञापन जिला पदाधिकारी, मधेपुरा के माध्यम से 16 सितंबर को भेजा गया।

एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मुरारी कुमार सिंह ने ज्ञापन में कहा कि समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दुर्घटना या अन्य घटनाओं में घायल होने पर इलाज का खर्च भी स्वयं वहन करना पड़ता है। वहीं, यात्रा के दौरान मीडिया कर्मियों को शुल्क में रियायत नहीं मिलती है। ज्ञापन में 12 सितंबर को सहरसा सदर अस्पताल में प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार अभिषेक कुमार के साथ हुई मारपीट की घटना का उल्लेख करते हुए दोषी डॉक्टरों और कर्मियों पर कानूनी व विभागीय कार्रवाई की मांग की गई है।

एसोसिएशन ने कर्तव्य के दौरान पत्रकार की मौत या घायल होने पर परिजनों को आर्थिक सहायता व बीमा सुविधा देने, मान्यता प्राप्त पत्रकारों की स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल करने, यात्रा शुल्क में रियायत देने तथा पत्रकारों पर हमले की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई की मांग की। साथ ही हमले या उत्पीड़न की स्थिति में सरकारी सुरक्षा और निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा फील्ड में कार्यरत मीडिया कर्मियों के पूर्व में दिए गए शस्त्र अनुज्ञप्ति संबंधी आवेदनों पर कार्रवाई करने की मांग की गई है। 

मौके पर जिला संरक्षक डॉ. सरोज कुमार, कुमार आशीष, अमितेश कुमार, राकेश रंजन, जिला महासचिव सुनीत साना, प्रशांत कुमार व राजीव रंजन सहित अन्य पत्रकार मौजूद थे.

सहरसा में पत्रकार से दुर्व्यवहार मामले में मधेपुरा के पत्रकारों ने स्वास्थ्य मंत्री को डीएम के माध्यम से भेजा ज्ञापन सहरसा में पत्रकार से दुर्व्यवहार मामले में मधेपुरा के पत्रकारों ने स्वास्थ्य मंत्री को डीएम के माध्यम से भेजा ज्ञापन Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on September 16, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.