मुरलीगंज, मुरलीगंज बाजार स्थित व्याहुत पंचायत समिति की ओर से रविवार को भगवान बलभद्र पूजनोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। इससे पूर्व व्याहुत पंचायत समिति भवन परिसर में भगवान बलभद्र की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी। पूजनोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
अधिकांश श्रद्धालु पीले परिधान में शोभायात्रा में शामिल हुए। हाथों में पीला ध्वज लिये श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ भगवान बलभद्र के जयकारे लगाते चल रहे थे। शोभायात्रा व्याहुत पंचायत समिति परिसर से निकलकर गोलबाजार, हाट बाजार, मिड्ल चौक, दुर्गा मंदिर चौक और हरिद्वार चौक होते हुए पुनः व्याहुत पंचायत भवन पहुंचकर समाप्त हुई। भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय बना रहा।
शोभायात्रा में बच्चों को भगवान बलभद्र और श्रीकृष्ण के रूप में सजाकर आकर्षक रथ पर बैठाया गया था, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं कोलकाता से पहुंची त्रिकाल झांकी की टीम ने ढोल-नगाड़ों और आकर्षक प्रस्तुति से शोभायात्रा की भव्यता बढ़ायी।
व्याहुत पंचायत समिति के अध्यक्ष शिवशंकर भगत ने बताया कि प्रत्येक वर्ष कुलदेव भगवान बलभद्र का पूजनोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और समाज के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। उन्होंने बताया कि पूजनोत्सव में आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य जिलों से भी स्वजातीय बंधु पहुंचकर उत्साहपूर्वक पूजा-अर्चना में शामिल होते हैं।
समिति के सचिव प्रेम कुमार उर्फ मुन्ना भगत ने बताया कि व्याहुत समाज के कुलदेव भगवान बलभद्र का पूजनोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। रात में भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। बलभद्र भोज में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में व्याहुत समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभायी।
(रिपोर्ट: संजय कुमार)
बलभद्र पूजनोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
September 20, 2026
Rating:
No comments: