व्यवहार न्यायालय मधेपुरा परिसर से हरी झंडी दिखाकर लोक अदालत के लिए जागरूकता रथ को किया रवाना, 9500 मामलों के निपटारे की तैयारी, 12 सितंबर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, ट्रैफिक चालान व बैंक ऋण मामलों का भी होगा निपटारा
आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर सोमवार को मधेपुरा के व्यवहार न्यायालय परिसर में जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुरविंदर सिंह मल्होत्रा ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को लोक अदालत के माध्यम से विवादों के त्वरित और स्थायी समाधान के प्रति जागरूक करेगा।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रधान जिला जज गुरविंदर सिंह मल्होत्रा ने कहा कि लोक अदालत आपसी सहमति और सुलह के आधार पर विवादों के स्थायी समाधान का एक प्रभावी माध्यम है। आगामी लोक अदालत के लिए जिले में करीब 4500 प्री-लिटिगेशन एवं 5000 पोस्ट-लिटिगेशन मामलों को चिन्हित किया गया है।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में बड़े पैमाने पर ट्रैफिक चालान मामलों का भी निपटारा किया जाएगा। इस बाबत मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर के कार्यालय में एक प्री रजिस्ट्रेशन बूथ भी 8 सितंबर से कार्यरत होगा. अगर लोग किसी कारण से वहां नहीं आ पाते हैं तो वह सीधे लोक अदालत के दिन भी अपना चालान का निपटारा कर सकते हैं. इसके अलावा विभिन्न बैंकों के ऋण संबंधी मामलों का सेटलमेंट के माध्यम से निष्पादन करने की व्यवस्था की गई है।
प्रधान जिला जज ने आम लोगों से अपील की कि जिन लोगों को लोक अदालत से संबंधित नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित तिथि को न्यायालय परिसर पहुंचकर अपने मामलों के समाधान का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को नोटिस नहीं मिला है, लेकिन वे अपने विवाद का स्थायी समाधान चाहते हैं, वे भी लोक अदालत के दिन हेल्प डेस्क पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित मामला कंपाउंडेबल नेचर का होगा, तो पक्षकारों के बीच आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवाद समाप्त करने की दिशा में तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान जिला जज ने कहा कि लोक अदालत न केवल समय और धन की बचत करती है, बल्कि आपसी सहमति से विवाद समाप्त होने के कारण पक्षकारों के बीच सौहार्द भी कायम रहता है। लोक अदालत के लिए स्लोगन देते हुए उन्होंने कहा, "समय, श्रम और पैसा बचाएं, लोक अदालत में झगड़ा निपटाएं". उन्होंने जिलेवासियों से 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जवाहर झा, विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव जज पूजा कुमारी साह, भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक एस एस पोद्दार आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.
(वि. सं.)
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
September 07, 2026
Rating:

No comments: