सहरसा से पूर्णिया कोर्ट तक नाइट स्पेशल ट्रेन के विस्तार पर रेल संघर्ष समिति ने जताया सांसद का आभार

मुरलीगंज। पटना से पूर्णिया कोर्ट के बीच बहुप्रतीक्षित रात्रिकालीन ट्रेन सेवा शुरू होने पर सोमवार को रेल संघर्ष समिति मुरलीगंज की ओर से अति आवश्यक बैठक आयोजित की गयी। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि लंबे समय से की जा रही रात्रिकालीन ट्रेन की मांग पूरी होने पर पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के प्रति आभार व्यक्त किया जाये। समिति की ओर से सांसद को धन्यवाद ज्ञापन भी दिया गया।

रेल संघर्ष समिति के अनुसार, पूर्व में रेल मंत्रालय की सूचना के आधार पर प्रस्तावित रात्रिकालीन ट्रेन का परिचालन सहरसा तक ही किया जाना था। मुरलीगंज समेत मधेपुरा और आसपास के यात्रियों की लंबे समय से मांग थी कि ट्रेन का विस्तार पूर्णिया कोर्ट तक किया जाये। समिति का कहना है कि पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्रालय और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष लगातार मुद्दा उठाया, जिसके बाद ट्रेन का विस्तार पूर्णिया कोर्ट तक सुनिश्चित हुआ।

17 अगस्त से शुरू हुआ परिचालन

रेलवे के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन संख्या 03216 पाटलिपुत्र–पूर्णिया कोर्ट का परिचालन 17 अगस्त से शुरू हुआ है। यह ट्रेन बुधवार एवं शनिवार को छोड़कर प्रतिदिन रात 11 बजे पाटलिपुत्र से रवाना होगी। वहीं ट्रेन संख्या 03215 पूर्णिया कोर्ट–पाटलिपुत्र 18 अगस्त से 17 सितंबर तक गुरुवार एवं रविवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 9:10 बजे पूर्णिया कोर्ट से प्रस्थान करेगी।

ट्रेन पाटलिपुत्र से चलकर हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, हसनपुर, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, मुरलीगंज, बनमनखी होते हुए पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी। इस रेल सेवा से मधेपुरा-मुरलीगंज सहित कोसी और सीमांचल क्षेत्र के छात्रों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, मजदूरों और आम यात्रियों को पटना आने-जाने में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर समिति ने जताया आभार

रेल संघर्ष समिति ने कहा कि पटना से पूर्णिया कोर्ट के बीच रात्रिकालीन ट्रेन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। ट्रेन का सहरसा तक सीमित रहना क्षेत्र के यात्रियों के लिए अधूरी सुविधा थी। पूर्णिया कोर्ट तक विस्तार होने से अब पूर्णिया, बनमनखी, मुरलीगंज, मधेपुरा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। समिति ने इसके लिए सांसद पप्पू यादव के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं रेल मंत्रालय के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

बैठक एवं धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम में रेल संघर्ष समिति के महासचिव प्रशांत कुमार, संरक्षक दिनेश मिश्रा उर्फ बाबा, संयोजक विजय कुमार, सचिव विकास आनंद, सह-संयोजक श्याम आनंद, डिंपल पासवान, सुजीत कुमार शास्त्री, विक्रम कुमार उर्फ टिंकू, संजय सुमन, उपेंद्र आनंद, सूरज पंसारी, डॉ. रोहित भगत, घनश्याम अग्रवाल, बजरंग भगत, ओमप्रकाश यादव, पवन यादव, पवन कुमार, राहुल मिश्रा, मनोज मुखिया तथा रोहित कुमार उर्फ नटवर सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

समिति ने कहा कि यह सिर्फ एक ट्रेन का विस्तार नहीं, बल्कि वर्षों से क्षेत्र के लोगों द्वारा उठायी जा रही जनहित की मांग की बड़ी उपलब्धि है।

सहरसा से पूर्णिया कोर्ट तक नाइट स्पेशल ट्रेन के विस्तार पर रेल संघर्ष समिति ने जताया सांसद का आभार सहरसा से पूर्णिया कोर्ट तक नाइट स्पेशल ट्रेन के विस्तार पर रेल संघर्ष समिति ने जताया सांसद का आभार Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on August 17, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.