क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद की वार्षिक बैठक संपन्न, 15 अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिताओं के आयोजन को मंजूरी

मधेपुरा, 13 जुलाई। भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय की क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद की वार्षिक बैठक सोमवार को कुलपति प्रो. (डॉ.) बी. एस. झा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सत्र 2026-27 के लिए परिषद के वार्षिक कैलेंडर, बजट एवं विभिन्न प्रशासनिक विषयों से संबंधित कुल 14 प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सभी प्रस्तावों पर आवश्यक निर्णय लिए गए तथा परिषद के वार्षिक बजट का सर्वसम्मति से अनुमोदन करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक में परिषद के 20 खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के वार्षिक कैलेंडर पर विचार किया गया, जिनमें से 15 अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिताओं के आयोजन को स्वीकृति प्रदान की गई। निर्णय लिया गया कि उन्हीं खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें विश्वविद्यालय की टीम अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सके। इसी क्रम में इस वर्ष पहली बार हैंडबॉल को प्रतियोगिता सूची में शामिल किया गया। 

स्वीकृत प्रतियोगिताओं में चेस, मार्शल आर्ट, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, विजुअल आर्ट्स, फुटबॉल, लिटरेरी इवेंट, कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, डांस एंड म्यूजिक, क्रिकेट, थिएट्रिक्स, खो-खो तथा हैंडबॉल शामिल हैं।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि खेल एवं सांस्कृतिक परिषद का वार्षिक कैलेंडर परीक्षा विभाग को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि परीक्षा एवं खेल कैलेंडर के बीच समुचित तालमेल स्थापित करते हुए परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया जा सके। इससे अंतर महाविद्यालय एवं अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की परीक्षा प्रभावित नहीं होगी।

शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों के बीच होगा मैत्री मैच का आयोजन

एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय के तहत विश्वविद्यालय में शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय, सौहार्द एवं आपसी सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त एवं 26 जनवरी के अवसर पर नियमित रूप से मैत्री खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में अध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो. (डॉ.) उमाशंकर चौधरी, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार सिंह, आईक्यूएसी के निदेशक प्रो. (डॉ.) नरेश कुमार, वित्तीय परामर्शी चतुर किस्कू, वित्त पदाधिकारी कृष्ण कुमार, इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. इम्तियाज अंजुम, संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज शर्मा, रमेश झा महिला महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) ऊषा सिन्हा, के.पी. कॉलेज, मुरलीगंज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार झा, पूर्व पीटीआई चंद्रशेखर अधिकारी एवं रामकृष्ण यादव सहित परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद् के निदेशक प्रो. (डॉ.) मो. अबुल फ़ज़ल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन परिषद् के उपनिदेशक डॉ. जैनेन्द्र कुमार ने किया।

क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद की वार्षिक बैठक संपन्न, 15 अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिताओं के आयोजन को मंजूरी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद की वार्षिक बैठक संपन्न, 15 अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिताओं के आयोजन को मंजूरी Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on July 13, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.