मुरलीगंज में स्मैक कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, स्मैक के साथ एक गिरफ्तार

 मुरलीगंज (मधेपुरा)। नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुरलीगंज पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 18.70 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान एक डिजिटल तराजू भी बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल नशीले पदार्थों की तौल में किए जाने की आशंका है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को उत्पाद कंट्रोल रूम, पटना से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक के निर्देश पर एसआई प्रमोद कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस ने तमोट परसा वार्ड संख्या-13 निवासी राधे मंडल के घर पर विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान 18.70 ग्राम स्मैक एवं एक डिजिटल तराजू बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुरलीगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक ने बताया कि उत्पाद कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

चार दिनों में पांच तस्कर गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार बीते चार दिनों के भीतर अलग-अलग मामलों में कुल 148.45 ग्राम स्मैक बरामद की गई है तथा पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अनुमानित बाजार मूल्य के अनुसार जब्त स्मैक की कीमत करीब 10 से 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

मुरलीगंज में स्मैक कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, स्मैक के साथ एक गिरफ्तार मुरलीगंज में स्मैक कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, स्मैक के साथ एक गिरफ्तार Reviewed by Rakesh Singh on June 24, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.