खेत में धान की रोपनी के दौरान सर्पदंश से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या-14 निवासी 32 वर्षीय युवक की सर्पदंश से मौत हो गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय नत्थन साह के पुत्र पप्पू कुमार साह के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, पप्पू कुमार साह रविवार को अपने खेत में धान की रोपनी के लिए कीचड़ (कादो) तैयार कर रहे थे। इसी दौरान खेत में छिपे एक विषैले सांप ने उन्हें डस लिया। शुरुआत में परिजन स्थिति की गंभीरता को नहीं समझ सके, जिससे इलाज में विलंब हो गया और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।

गंभीर हालत होने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुरलीगंज लेकर पहुंचे। सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मुकेश पांडेय एवं डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि रविवार की मध्यरात्रि करीब 12:55 बजे पप्पू कुमार साह को अस्पताल लाया गया। सांप काटने के लगभग एक घंटे बाद अस्पताल पहुंचने तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रशिक्षु डीएसपी सह मुरलीगंज थानाध्यक्ष नुरूल हक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इधर, घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को सरकारी आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा देने की मांग जिला प्रशासन से की है।

खेत में धान की रोपनी के दौरान सर्पदंश से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम खेत में धान की रोपनी के दौरान सर्पदंश से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on July 13, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.