कॉलेज खुलने के साथ ही प्रखंड के विद्यार्थियों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।कॉलेज का शुभारंभ प्राचार्य मनोज नारायण भगत, मुखिया रेणु देवी, पूर्व जिला परिषद सदस्य गीता देवी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रबीन कुमार एवं मनीष यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों की मौजूदगी में खुशी का माहौल रहा।पूर्व जिला परिषद सदस्य गीता देवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में डिग्री कॉलेज शुरू होने से छात्र-छात्राओं को स्थानीय स्तर पर ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे शिक्षा का दायरा बढ़ेगा और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को विशेष लाभ मिलेगा।
जिलाधिकारी और शिक्षा विभाग के निर्देश पर कॉलेज में पढ़ाई शुरू कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुरुआती चरण में छह कमरों में कक्षाओं का संचालन होगा। विद्यार्थियों के लिए कक्षाओं को व्यवस्थित किया गया है। साथ ही पेयजल, शौचालय समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
अब नहीं जाना पड़ेगा दूसरे शहर
घैलाढ़ प्रखंड के विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए मधेपुरा दरभंगा, पटना समेत अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था। इससे समय और पैसे दोनों की अतिरिक्त लागत आती थी। स्थानीय स्तर पर कॉलेज शुरू होने से हजारों छात्रों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
मुखिया रेणु देवी ने कहा कि प्रखंड में डिग्री कॉलेज नहीं होने के कारण कई छात्राएं इंटर के बाद पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाती थीं। दूर शहरों में बेटियों को भेजना अधिकांश परिवारों के लिए आसान नहीं था। अब स्थानीय स्तर पर स्नातक की पढ़ाई उपलब्ध होने से छात्राओं की उच्च शिक्षा का रास्ता आसान होगा और उनकी भागीदारी भी बढ़ेगी।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
स्थानीय ग्रामीण उमेश यादव, रबिन्द्र भारती, नरेश यादव, अरुण यादव, श्रवण यादव, ललन यादव, राजकुमार रंजन, सौरभ कुमार और अशोक यादव ने कहा कि आजादी के दशकों बाद घैलाढ़ प्रखंड को अपना पहला राजकीय डिग्री महाविद्यालय मिला है। क्षेत्र के लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। कॉलेज शुरू होने से छात्रों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में खुशी है। लोगों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यहां नामांकन क्षमता बढ़ेगी और नए विषयों की भी पढ़ाई शुरू की जाएगी।
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
July 01, 2026
Rating:
.jpeg)

No comments: