सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत, गांव में शोक की लहर

कुमारखंड (मधेपुरा)। कुमारखंड थाना क्षेत्र के सिहपुर गढ़िया पंचायत स्थित गढ़िया वार्ड 2 निवासी एक बुजुर्ग की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया गया कि गुरुवार की रात करीब 8 बजे उपेंद्र यादव अपने निजी कार्य से घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्टेट हाईवे-91 पर गढ़िया गांव के समीप टिकुलिया की ओर से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजनों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारखंड में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल मधेपुरा रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया। इलाज के दौरान सोमवार को सुबह करीब 8 बजे उपेंद्र यादव ने दम तोड़ दिया।

समाजसेवी पिंटू यादव ने बताया कि दुर्घटना के बाद से परिवार सदमे में है। उपेंद्र यादव के निधन की खबर मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है।
(रिपोर्ट: मीना देवी)
सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत, गांव में शोक की लहर सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत, गांव में शोक की लहर Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on July 06, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.