स्व. प्रकाश नारायण यादव की जयंती पर सेवा-सम्मान का आयोजन

मुरलीगंज। नगर पंचायत के वार्ड संख्या-14 स्थित पचगछिया टोला स्मारक परिसर में स्व. प्रकाश नारायण यादव की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। स्व. यादव पूर्व पणन सचिव, बाजार समिति तथा बिहारीगंज के जिला परिषद सदस्य रह चुके थे। उनकी जयंती के अवसर पर उनकी धर्मपत्नी एवं जिला परिषद मधेपुरा की अध्यक्ष श्रीमती मंजू देवी के सौजन्य से सामाजिक सेवा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्व. प्रकाश नारायण यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित वक्ताओं ने उनके सामाजिक योगदान, जनसेवा और सरल व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों के हित में कार्य किया। उनके बताए आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर लगभग 500 महिला एवं पुरुषों के बीच सम्मान स्वरूप अंगवस्त्र वितरित किए गए। वहीं 20 जरूरतमंद लोगों को साइकिल प्रदान की गई, ताकि उन्हें दैनिक आवागमन में सुविधा मिल सके। इसके अलावा बिहारीगंज जिला परिषद क्षेत्र के लोगों को बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक नि:शुल्क एंबुलेंस भी समर्पित की गई। इस पहल की लोगों ने सराहना करते हुए इसे जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष मंजू देवी, नगर पंचायत की मुख्य पार्षद सर्जना सिद्धि, प्रो. राजकमल यादव, शिक्षक नीलकमल, प्रो. सोना यादव, प्रमोद यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन समाजसेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ हुआ।

स्व. प्रकाश नारायण यादव की जयंती पर सेवा-सम्मान का आयोजन स्व. प्रकाश नारायण यादव की जयंती पर सेवा-सम्मान का आयोजन Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on July 12, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.