मुरलीगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुरलीगंज में शुक्रवार को लायंस क्लब उड़ान की ओर से 12 यक्ष्मा (टीबी) मरीजों को गोद लेकर उन्हें हाई प्रोटीन राशन किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार एवं यक्ष्मा विभाग की एसटीएस रश्मि सिंह की उपस्थिति में मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने लायंस क्लब उड़ान के इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि टीबी मरीजों के उपचार में दवा के साथ-साथ पौष्टिक आहार भी बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा गोद लिए गए 12 मरीजों को छह माह तक अथवा उनके उपचार पूरा होने तक प्रत्येक माह हाई प्रोटीन राशन किट उपलब्ध कराई जाएगी। इससे मरीजों को आवश्यक पोषण मिलेगा और उनके शीघ्र स्वस्थ होने में मदद मिलेगी।
लायंस क्लब उड़ान के जोनल चेयरपर्सन डॉ. मानव कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग मरीजों को दवा और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। वहीं क्लब की ओर से मरीजों के बेहतर पोषण के लिए हाई प्रोटीन राशन किट देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि उपचार अवधि तक सभी गोद लिए गए मरीजों को नियमित रूप से यह सहायता दी जाएगी।
क्लब के अध्यक्ष डॉ. साकेत कुमार ने कहा कि लायंस क्लब उड़ान समाज के जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी क्लब द्वारा जरूरतमंदों के बीच सिलाई मशीन का वितरण किया गया था। अब टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके स्वस्थ होने तक हाई प्रोटीन राशन किट उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में डॉ. रूपेश कुमार, संजय सुमन, सचिव-सह-कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार, डॉ. श्याम कुमार, कृष्ण मोहन, राहुल अग्रवाल, अजय कुमार, विनोद कुमार, राकेश कुमार, गौरव, सुमन कुमार एवं रंजीत कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
(रिपोर्ट: संजय कुमार)
मुरलीगंज में लायंस क्लब उड़ान ने 12 यक्ष्मा मरीजों को लिया गोद
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
July 06, 2026
Rating:
No comments: