सुबह जब परिजन घर लौटे तो घर के बाहर एक कुदाल पड़ा मिला, जिस पर ताजी मिट्टी लगी हुई थी। इससे परिजनों का शक और गहरा गया। इस बारे में जब परिवार के लोगों ने आरोपी सुरेश ऋषिदेव से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को गांव के बाहर दफना दिया है।
इसके बाद परिजन बताए गए स्थान पर पहुंचे और मिट्टी खोदने पर त्रिपुल देवी का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद आरोपी पति सुरेश ऋषिदेव खुद बेलारी थाने पहुंच गया और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका की बेटी कोमल कुमारी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रात में सभी के सो जाने के बाद उसके पिता ने उसकी मां की हत्या कर दी और शव को घर से दूर ले जाकर दफना दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी पर किसी अन्य युवक के साथ अवैध संबंध होने का शक था। जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी बात से नाराज होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
मृतका के भाई ललन ऋषिदेव ने बताया कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2008 में सुरेश ऋषिदेव से हुई थी। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होते थे। परन्तु इस तरह की घटना की कभी कल्पना नहीं की थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा होने की संभावना है।
बेलारी थानाध्यक्ष वरुण कुमार ने बतलाया शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया गया है तथा हत्या आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है. अनुसंधान जारी है.
(रिपोर्ट: मीना कुमारी)
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
April 06, 2026
Rating:

No comments: