यह घटना मीरगंज से गौशाला जाने वाली एनएच-107 पर हनुमान नगर चकला स्थित केपी कॉलेज के पीछे, हनुमान नगर के समीप कब्रिस्तान के ठीक सामने हुई। गोली चालक को नहीं लगी, लेकिन फायरिंग के कारण टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया।
घायल चालक की पहचान बुधमा वार्ड संख्या-11 निवासी सिकंदर यादव के पुत्र अरुण कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरलीगंज पहुंचाया गया। वहां डॉ. राजेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि टेंपो पलटने से चालक के जबड़े और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय दो राउंड गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोग बाइपास रोड की ओर दौड़े। मौके पर देखा गया कि टेंपो गड्ढे में पलटा हुआ था और चालक घायल अवस्था में पड़ा था।
सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने टेंपो को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
लगातार हो रही गोलीबारी, छिनतई और लूट की घटनाओं से मुरलीगंज इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिक राहुल कुमार ने बताया कि यहां आए दिन छेड़छाड़ और छोटे-मोटे कलेक्शन करने वालों के साथ लूटपाट की घटनाएं होती रहती हैं। शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक पुलिस पेट्रोलिंग की सख्त जरूरत है, लेकिन अक्सर रात 8 बजे के बाद पेट्रोलिंग बंद हो जाती है।
इस मामले में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि घायल को तत्काल बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। फिलहाल आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
December 14, 2025
Rating:


No comments: