मुरलीगंज में एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण आयोजित, अरहर, उड़द व मूंग की खेती के साथ कीट एवं रोग प्रबंधन की दी गई जानकारी।
प्रखंड कृषि कार्यालय, मुरलीगंज के सभागार में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य विषय "दलहनी फसलों की खेती एवं कीट-व्याधि प्रबंधन" रहा। इसमें प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से आए किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), मधेपुरा के वैज्ञानिक डॉ. अनिल कुमार एवं डॉ. आर.बी. शर्मा ने खरीफ मौसम में अरहर, उड़द एवं मूंग जैसी दलहनी फसलों की उन्नत खेती, बीज चयन, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा अधिक उत्पादन प्राप्त करने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने फसलों में लगने वाले प्रमुख कीट एवं रोगों की पहचान, उनके जैविक एवं एकीकृत प्रबंधन तथा कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने की तकनीकों से भी किसानों को अवगत कराया। वैज्ञानिकों ने किसानों से समय पर फसल प्रबंधन अपनाने और कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी अजीत कुमार, बीटीएम जयकुमार भारतीय, कृषि समन्वयक प्रवीण कुमार, किसान सलाहकार ब्रजनंदन कुमार, रजनीश कुमार आर्य, किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद विश्वास सहित किसान उमेश यादव, कौशल कुमार, अरविंद यादव, जगन्नाथ साह, शंभू राम एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
(रिपोर्ट: संजय कुमार)
दलहनी फसलों की उन्नत खेती से बढ़ाएं उत्पादन, किसानों को दिए वैज्ञानिक सुझाव
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
August 06, 2026
Rating:
No comments: