भव्य शोभायात्रा, त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव का हुआ भव्य आगाज

मुरलीगंज सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सामने स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवाकेंद्र द्वारा 90वें त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा को चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव दिनेश मिश्रा ने झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह शोभायात्रा महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम से एक दिन पूर्व आयोजित की गई, जिसमें भोलेनाथ शिव बाबा तथा आने वाली सतयुगी दुनिया के महारानी–महाराज श्री लक्ष्मी और श्री नारायण की आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां शामिल रहीं। झांकियों को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

शोभायात्रा की शुरुआत सेंट्रल बैंक के सामने स्थित स्थानीय सेवाकेंद्र से हुई। इसके बाद यह शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः सेवाकेंद्र पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में भक्ति गीत, जयकारे और आध्यात्मिक संदेशों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी रूबी बहन ने शहरवासियों से अपील की कि वे 10 फरवरी (मंगलवार) को गौतम शारदा पुस्तकालय, गोल बाजार में दोपहर 2:30 बजे से आयोजित त्रिमूर्ति शिव जयंती के मुख्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और भोलेनाथ शिव बाबा के वरदानों से अपने जीवन को धन्य बनाएं।

शोभायात्रा में वार्ड पार्षद उदय चौधरी, डॉ. सुबोध, प्रकाश करनानी, दीपचंद करनानी, संजय सुमन, अभिषेक भाई, गौतम भाई, नीरज भाई, गणेश भाई सहित सैकड़ों भाई-बहनों की सहभागिता रही।

भव्य शोभायात्रा, त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव का हुआ भव्य आगाज भव्य शोभायात्रा, त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव का हुआ भव्य आगाज Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on February 09, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.