![]() |
| मृतक (फ़ाइल फोटो) |
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। बताया गया कि लक्ष्मीपुर भगवती वार्ड 13 निवासी मो. अनवारूल के पुत्र मो. अरमान प्लस टू जवाहर हाई स्कूल रामनगर बेला के इंटरमीडिएट के छात्र थे। उनका परीक्षा केंद्र उदाकिशुनगंज अनुमंडल अंतर्गत बौद्ध नारायण एस.एस. स्कूल, मुरली चदवा में था। गुरुवार को दोपहर दो बजे से भूगोल की द्वितीय पाली की परीक्षा देने के लिए वह अपने रूम से पैदल निकले थे। इसी दौरान परीक्षा केंद्र से लगभग 200 मीटर पीछे, पुरैनी थाना क्षेत्र के परचक्का गांव के पास, पुरैनी की ओर से आ रहे बिहारीगंज थाना क्षेत्र के राजगंज निवासी बाइक चालक शुभम कुमार ने तेज रफ्तार में आकर छात्र को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मो. अरमान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक चालक भी जख्मी हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने घायल छात्र को आनन-फानन में उदाकिशुनगंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल मधेपुरा रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान शाम करीब पांच से छह बजे के बीच मो. अरमान की मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया गया कि मृतक के पिता मो. अनवारूल दिल्ली में मजदूरी करते हैं। पुरैनी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। थानाध्यक्ष इंद्रजीत प्रभाकर ने बताया कि सड़क हादसे में घायल इंटर के छात्र की इलाज के दौरान मौत हुई है। बाइक चालक का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्ट: मीना कुमारी/ मधेपुरा टाइम्स)
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
February 05, 2026
Rating:


No comments: