रविवार को एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि चोरी के आरोप में युवक की पिटाई की गई थी, हालांकि अब तक की जांच में चोरी का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। मृतक की पहचान बेलारी थाना क्षेत्र के गिदराही वार्ड-1 निवासी जामुन यादव के पुत्र अमोद यादव के रूप में हुई है। उनका घर घटनास्थल से काफी दूर है और वह रात में जागीर गांव क्यों गए थे, इसकी भी जांच की जा रही है।
एएसपी ने बताया कि 30 अगस्त की सुबह सूचना पर एसपी के निर्देश में एसआईटी गठित की गई। टीम ने घटनास्थल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा और मृतक के भाई के आवेदन पर केस दर्ज किया। जांच के दौरान घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया, जिसमें कुछ ग्रामीणों को युवक को पिलर से बांधकर लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई करते हुए देखा गया। वीडियो में बंधे युवक की पहचान अमोद यादव के रूप में हुई। इसके आधार पर जागीर टोला निवासी अनिमेश कुमार उर्फ ननका और लवन ऋषिदेव को गिरफ्तार किया गया। दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है और जेल भेजे गए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है, जबकि घटनास्थल के आसपास के ग्रामीण गांव छोड़कर भाग गए हैं।
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
August 31, 2025
Rating:


No comments: