पीड़ित गृहस्वामी स्कंद झा ने बताया कि वह अपने परिवार और बच्चों के साथ अररिया जिले के फारबिसगंज में रहते हैं। वह फारबिसगंज स्थित मिथिला पब्लिक स्कूल में प्राइवेट शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं।
उन्होंने बताया कि मिथिला क्षेत्र के पवित्र पर्व चौरचन को मनाने के लिए शनिवार को वह परिवार के साथ अपने पैतृक गांव बेला स्थित घर पहुंचे। घर पहुंचते ही परिवार के होश उड़ गए। घर के पीछे का दरवाजा, ग्रिल और कमरों के ताले टूटे हुए थे।
जब परिवार के सदस्य घर के अंदर पहुंचे तो सभी सामान बिखरे पड़े मिले। इसके बाद की गई छानबीन में पता चला कि अज्ञात चोरों ने घर के सूने होने का फायदा उठाकर करीब 50 ग्राम सोने के आभूषण, 300 ग्राम चांदी के आभूषण, 30 कीमती साड़ियां, कंबल, मिक्सी, फूलहा, स्टील के बर्तन सहित अन्य उपयोगी और खाने-पीने के सामान की चोरी कर ली है।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। घर की स्थिति देखकर गृहस्वामी और उनके परिजन काफी व्यथित हो गए।इसके बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल श्रीनगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से अज्ञात चोरों के विरुद्ध आवेदन दिया गया है। प्राप्त आवेदन के आलोक में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की जांच की जा रही है।
(रिपोर्ट: मीना कुमारी, मधेपुरा टाइम्स)
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
September 13, 2026
Rating:

No comments: