विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत, मायके वालों का ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

मृतका (फ़ाइल फोटो)
मधेपुरा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के पुरैनी वार्ड 8 में एक विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मृतका की शिनाख्त पुरैनी वार्ड 8 निवासी मो. रियाज की पत्नी 25 वर्षीया फरीदा खातुन के रूप में हुई। मायके वालों ने दहेज के रूप में एक लाख रुपए ससुराल वालों को नहीं देने पर जहर पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पति समेत ससुराल के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं। 

मृतका के पिता व कुमारखंड थाना क्षेत्र के जोरावरगंज गांव के निवासी मो. मुनिफ ने बताया कि इनकी बेटी फरीदा खातुन की शादी तकरीबन 8 वर्ष पूर्व श्रीनगर थाना क्षेत्र के पुरैनी वार्ड-8 निवासी मो. रियाज के साथ हुई थी। शादी में डेढ़ लाख रुपए दहेज भी दिया गया था। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले एक लाख रुपए और दहेज की मांग करने लगे। इसके लिए फरीदा के साथ ससुराल में अक्सर मारपीट किया जाता था। पिता मो. मुनिफ ने बताया कि मंगलवार की शाम पता चला कि फरीदा की मौत हो गई है। जानकारी मिलने पर जब वे लोग बेटी के ससुराल पहुंचे तो घर के सभी लोग फरार थे। फरीदा का शव घर में रखा हुआ था। 

इसकी जानकारी श्रीनगर थाना को दी गई। इसके बाद शव को थाना लाया गया, जहां कागजी प्रक्रिया पूरी कर बुधवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए  सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया।बताया गया कि मृतका फरीदा खातून को तीन बच्चे हैं। सबसे छोटा बच्चा मात्र 6 महीना का है। मौत के बाद मृतका के मायके में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

इस बाबत श्रीनगर थानाध्यक्ष राघवेंद्र नारायण ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया गया है। मृतका के पिता मो• मुनिफ के आवेदन के आलोक में मृतका के पति मो• रियाज, ससुर व सास समेत चार लोग पर केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही रही है।

(रिपोर्ट: मीना देवी/ मधेपुरा टाइम्स)

विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत, मायके वालों का ससुराल वालों पर हत्या का आरोप विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत, मायके वालों का ससुराल वालों पर हत्या का आरोप Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on May 22, 2024 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.