प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने राष्ट्रध्वज, स्वतंत्रता संग्राम, ‘विविधता में एकता’, राष्ट्रीय गौरव एवं देशभक्ति जैसे विषयों पर आकर्षक पेंटिंग एवं मनमोहक रंगोली तैयार की। बच्चों की रचनात्मक सोच, कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित कलाकृतियां लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रहीं तथा पूरे परिसर में देशभक्ति का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
.jpeg)
इस अवसर पर कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का उद्देश्य राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि कला एवं संस्कृति से जुड़े ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश की गौरवशाली परंपराओं एवं राष्ट्रीय मूल्यों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी स्कूली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, ताकि उनका उत्साहवर्धन हो और वे भविष्य में भी रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करें।
उन्होंने कहा कि कला के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना ‘हर घर तिरंगा अभियान’ की महत्वपूर्ण कड़ी है।
कार्यक्रम में विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखा गया। शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी कलाकृतियों की सराहना की। बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए गायक एवं समाजसेवी सुनीत साना तथा रंगकर्मी अमित कुमार अंशु भी प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचे और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक अरुण कुमार की देखरेख में किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रप्रेम केवल शब्दों में नहीं, बल्कि अपनी रचनात्मकता, सहभागिता और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति सम्मान के माध्यम से भी अभिव्यक्त किया जा सकता है।
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
August 13, 2026
Rating:


No comments: