अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मधेपुरा द्वारा ठाकुर प्रसाद महाविद्यालय मधेपुरा परिसर में समर्थ पोर्टल लागू होने की खुशी में छात्र-छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई बांटकर जश्न मनाया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थी परिषद के बिहार राज्य कार्य प्रमुख सौरभ यादव ने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने मंडल विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल लागू करने की मांग को लेकर लगातार कई महीनों तक चरणबद्ध आंदोलन चलाया। इस आंदोलन के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यार्थी परिषद के दो छात्र नेताओं पर मुकदमा भी दर्ज कराया गया, लेकिन परिषद अपने संकल्प और मांग पर अडिग रही। कई कार्यकर्ताओं को मानसिक प्रताड़ना और प्रशासनिक दबाव का सामना करना पड़ा, इसके बावजूद छात्रहित की इस लड़ाई को परिषद ने मजबूती से जारी रखा।
उन्होंने कहा कि अंततः विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थी परिषद की मांग को स्वीकार किया और मंडल विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल लागू किया। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन एवं माननीय कुलपति धन्यवाद के पात्र हैं। कुलपति महोदय ने देर से ही सही, लेकिन विद्यार्थियों की आवाज को गंभीरता से सुना और सकारात्मक पहल करते हुए इसे लागू करने में रुचि दिखाई, जिसके परिणामस्वरूप आज यह व्यवस्था विश्वविद्यालय में लागू हो सकी।
जिला संयोजक नवनीत सम्राट ने कहा कि समर्थ पोर्टल लागू होना बीएनएमयू के लाखों छात्र-छात्राओं की जीत है। यह केवल एक तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रहित की दिशा में बड़ा सुधार है। उन्होंने कहा कि अब तक UMIS व्यवस्था को लेकर छात्रों के बीच लगातार शिकायतें थीं। कई बार तकनीकी त्रुटियों, डेटा गड़बड़ी, अनावश्यक शुल्क और प्रशासनिक अनियमितताओं के कारण छात्र परेशान होते रहे। समर्थ पोर्टल लागू होने से इन समस्याओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा। वही जिला सह संयोजक मेघा कुमारी कहा कि समर्थ पोर्टल के लागू होने से UMIS व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा। लाखों छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। नामांकन, परीक्षा फॉर्म, रिजल्ट, रजिस्ट्रेशन समेत कई कार्य डिजिटल माध्यम से सरलता से हो सकेंगे। विद्यार्थी परिषद ने स्पष्ट किया कि वह हमेशा छात्रहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी छात्र-छात्राओं के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर आवाज उठाती रहेगी।
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
May 23, 2026
Rating:

No comments: