यह निरीक्षण मुरलीगंज नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार एवं स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने कई खाद-बीज विक्रेताओं की दुकानों पर पहुंचकर उर्वरकों के भंडारण, वितरण व्यवस्था, स्टॉक पंजी, मूल्य सूची और बिक्री प्रक्रिया की गहन जांच की।
निरीक्षण के क्रम में मेसर्स किसान विकास केंद्र विनायक एजेंसी, मेसर्स जगदंबा खाद बीज भंडार सहित अन्य दुकानों की जांच की गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद किसानों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तुरंत प्रखंड कृषि पदाधिकारी या प्रखंड विकास पदाधिकारी को दें।
अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिया कि उर्वरकों की बिक्री केवल निर्धारित सरकारी दर पर ही करें तथा स्टॉक और बिक्री से संबंधित सभी अभिलेखों को अद्यतन एवं पारदर्शी तरीके से संधारित रखें। साथ ही यह स्पष्ट चेतावनी दी गई कि कालाबाजारी, अधिक मूल्य वसूली या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कड़ी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने दोहराया कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दिशा में आगे भी नियमित रूप से निरीक्षण और निगरानी अभियान जारी रखने की बात कही गई।
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
April 02, 2026
Rating:


No comments: