चैत्र पूर्णिमा पर धूमधाम से मनाई हनुमान जयंती, भव्य निशान यात्रा और भंडारे का आयोजन

मुरलीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में गुरुवार को चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर हनुमान जयंती का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे नगर में धार्मिक माहौल देखने को मिला और जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

सुबह के समय श्री बालाजी खंटू श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में भव्य निशान यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में सैकड़ों की संख्या में मारवाड़ी समाज के महिला-पुरुषों  शामिल हुए।

महिलाएं और श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर शामिल हुए। सभी के हाथों में धर्म ध्वजा (निशान) लहराते हुए ‘जय वीर हनुमान’ और ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। बाजे-गाजे के साथ निकली यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

शोभायात्रा का शुभारंभ गौतम शारदा पुस्तकालय से हुआ, जो जयरामपुर चौक, दुर्गा स्थान और धर्मशाला रोड होते हुए पुनः पुस्तकालय परिसर में समाप्त हुई। यात्रा के समापन के बाद श्रद्धालुओं द्वारा हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना की गई तथा अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई।

इसके उपरांत परिसर में विद्वान पंडितों और श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। लगभग तीन घंटे तक चले इस अनुष्ठान के दौरान भक्ति गीतों की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर रहा और श्रद्धालु पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आए।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि उत्सव के समापन पर शाम 7 बजे से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं। पूरे आयोजन ने नगर में धार्मिक एकता और आस्था का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।

चैत्र पूर्णिमा पर धूमधाम से मनाई हनुमान जयंती, भव्य निशान यात्रा और भंडारे का आयोजन चैत्र पूर्णिमा पर धूमधाम से मनाई हनुमान जयंती, भव्य निशान यात्रा और भंडारे का आयोजन Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on April 02, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.