रेलवे पुल के समीप युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी

सहरसा–पूर्णिया रेलखंड पर मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बलुआहा रेलवे पुल संख्या 100 के समीप शनिवार सुबह करीब 7 बजे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुल के पास रेल पटरी किनारे शव मिलने की खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिसके बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, प्रारंभ में युवक की पहचान नहीं हो सकी।

स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना मुरलीगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अजीत कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।

प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक को मधेपुरा से पूर्णिया की ओर जाने वाली किसी ट्रेन से धक्का देकर गिराया गया हो, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, युवक के मुंह से झाग निकलते देख यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि वह किसी नशाखुरानी गिरोह का शिकार हुआ हो और बाद में उसे ट्रेन से फेंक दिया गया हो।

पुलिस ने जब शव की तलाशी ली तो युवक की जेब से करीब ढाई हजार रुपये नकद और अंबाला कैंट से सहरसा जंक्शन तक का जनरल टिकट बरामद हुआ। यह टिकट 2 तारीख की यात्रा का बताया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

सोशल मीडिया पर खबर प्रसारित होने के बाद शाम करीब 5 बजे मृतक की पहचान हो पाई। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान साहूगढ़ (वार्ड संख्या 5, मोरकाही टोला) निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस अब मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

रेलवे पुल के समीप युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी रेलवे पुल के समीप युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on April 04, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.