पीड़िता पुष्पा कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि आठ वर्ष पूर्व उसकी शादी हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार पालीगंज (पटना) निवासी कृष्णा कुमार से हुई थी। शादी के बाद एक बेटे का जन्म हुआ लेकिन पति शराब पीने का आदी था और उसके साथ लगातार मारपीट करता था। बाद में पति उसे छोड़कर चला गया। पति से अलग होने के बाद बच्चे के पालन-पोषण के लिए पुष्पा सूरत स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करने लगी। वहीं फैक्ट्री में आनंद कुमार उर्फ बोआ भी काम करता था। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। आरोप है कि आनंद ने शादी का भरोसा देकर पुष्पा को अपने साथ रखा और दोनों करीब चार वर्षों तक पति-पत्नी की तरह रहने लगे। इस दौरान दोनों के रिश्ते से एक और बेटे का जन्म हुआ।
पीड़िता का आरोप है कि इधर आनंद के पिता ने गांव में उसकी शादी कहीं और तय कर दी। इसके बाद आनंद ने घर ढलाई का बहाना बनाकर पुष्पा को सूरत में छोड़ दिया और खुद गांव लौट आया। बाद में उसने संपर्क भी तोड़ लिया।जब पुष्पा को आनंद की शादी तय होने की जानकारी मिली तो वह अपने दोनों बच्चों के साथ चकला गांव स्थित उसके घर पहुंची। लेकिन वहां आनंद और उसके परिजनों ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया और घर में रहने नहीं दिया।इसके बाद पीड़िता परमानन्दपुर थाना पहुंची और पूरे मामले की शिकायत की। थानाध्यक्ष विकास कुमार मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला का आवेदन प्राप्त किया और तत्काल प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आनंद कुमार उर्फ बोआ को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वहीं पीड़िता पुष्पा कुमारी को सुरक्षा के मद्देनजर उसके पिता के हवाले कर दिया गया। थानाध्यक्ष विकास कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला के आवेदन के कआधार पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
January 25, 2026
Rating:


No comments: