मुरलीगंज/ मंगलवार को दोपहर 2 बजे बीएन मंडल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर ने केपी महाविद्यालय में विस्तार पटल (एक्सटेंशन सेंटर) का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुल सचिव प्रो. डॉ. अशोक कुमार ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य ने कुलपति को मिथिला पाग और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
छात्रों की समस्याओं का होगा स्थानीय समाधान
कुलपति ने विस्तार पटल के महत्व को बताते हुए कहा कि माननीय कुलाधिपति के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की गई है। अब दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को छोटे-छोटे कार्यों के लिए विश्वविद्यालय मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। किशुनगंज अनुमंडल एवं मधेपुरा अनुमंडल के इस क्षेत्र छात्र-छात्राओं,रिजल्ट, पेंडिंग फाइल या अन्य दस्तावेज से जुड़े आवेदन अब स्थानीय स्तर पर ही स्वीकार किए जाएंगे। विद्यार्थियों को प्राप्ति रसीद के साथ समाधान की तिथि भी उपलब्ध होगी और उसी तिथि को संबंधित प्रपत्र एक्सटेंशन सेंटर से मिल जाएगा।
15 सितंबर से होगा कार्य प्रारंभ
प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने बताया कि यह एक्सटेंशन काउंटर 15 सितंबर 2025 से विधिवत रूप से कार्य करना प्रारंभ करेगा। इसके लिए विश्वविद्यालय द्वारा दो कर्मियों – अभिषेक कुमार एवं नीरज कुमार निराला – की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही प्राचार्य को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
कई गणमान्य रहे उपस्थित
इस मौके पर प्रो. महेंद्र मंडल, डॉ. विजय पटेल, डॉ. संगीता सिन्हा, डॉ. शिवा शर्मा, डॉ. चंद्रशेखर आजाद, डॉ. शंकर रजक, डॉ. प्रतीक कुमार, डॉ. मोनी जोशी, डॉ. अजमल अंसारी, डॉ. इहतेशाम आलम, डॉ. राजकुमार, डॉ. नित्यानंद पासवान, उदित नारायण मंडल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मी मौजूद थे।
(रिपोर्ट: संजय कुमार)
BNMU: कुलपति ने किया केपी महाविद्यालय में विस्तार पटल का उद्घाटन
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
September 10, 2025
Rating:
No comments: