घटना के संबंध में मृतक की पत्नी मधुलता देवी ने बताया कि उनके जेठ राजकुमार यादव के साथ दो बीघा पैतृक भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे राजकुमार यादव, उनके दोनों पुत्र सुमन यादव एवं भूमन यादव ने घर के दरवाजे पर ही उदिल यादव पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।
पत्नी के अनुसार, मारपीट के दौरान सुमन यादव ने मोटे बांस के डंडे से उनके पति के सिर पर जोरदार प्रहार किया, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े और नाक-मुंह से खून बहने लगा। इस दौरान किसी ने भी झगड़ा रोकने की कोशिश नहीं की।
स्थानीय युवकों द्वारा घायल उदिल यादव को टोटो से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बीच-बचाव में आए भाई दिलीप यादव को भी चोटें आईं, जिन्हें जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुरलीगंज थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को शांत कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला भूमि विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। राजकुमार यादव और उनके दोनों पुत्र घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

No comments: