स्थानीय लोगों के अनुसार युवक का गर्दन गमछे से आम के पेड़ की टहनी से बंधा था, जबकि उसके दोनों घुटने जमीन से सटे हुए थे। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं, सूचना पर पहुंची घैलाढ़ ओपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद मलिक चार दिन पहले अपनी पत्नी और बच्चे को ससुराल श्रीनगर गांव से विदा कराने आया था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी साजन कुमारी ने उस पर मारपीट का आरोप लगाया था। गांव के पंचों की पहल पर दोनों के बीच समझौता कर उन्हें विदा कर दिया गया था। लेकिन चार दिन पहले एक बार फिर दंपती के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पत्नी अपने मायके लौट गई। घटना के दिन सुबह विनोद कुछ ग्रामीणों से पत्नी और बच्चे को अपने साथ ले जाने की बात कर रहा था, लेकिन पत्नी ने इसका विरोध किया। इसके बाद वह घर लौटने की बात कहकर चला गया।
शाम करीब चार बजे उसका शव आम के बगीचे में लटका मिला। घटना के बाद मृतक की पत्नी सहित ससुराल पक्ष के लोग गांव से फरार हैं। वहीं खबर लिखे जाने तक मृतक के माता-पिता मौके पर नहीं पहुंचे थे। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।

No comments: