दरवाजे पर सो रही महिला की गोली मारकर हत्या

मधेपुरा जिला के घैलाढ़ परमानन्दपुर थाना क्षेत्र के भतरंधा परमानपुर पंचायत के बलुआहा गांव में शुक्रवार देर रात 55 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका का नाम तेतरी देवी था। वह उपेंद्र चौपाल उर्फ बेचन की पत्नी थीं। 

तेतरी देवी रोज की तरह घर के बाहर दरवाजे पर सो रही थीं। रात करीब 12:30 बजे तीन अज्ञात अपराधी आए। उन्होंने ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाईं। दो गोलियां पीठ में और दो सिर में लगीं। मौके पर ही महिला की मौत हो गई। घटना के समय उपेंद्र चौपाल बाथरूम में थे। उन्होंने बताया कि पेट में दर्द के कारण वह बाहर गए थे। तभी गोली चलने की आवाज सुनी। जब तक बाहर आए और शोर मचाया, तब तक अपराधी भाग चुके थे। उपेंद्र चौपाल ने दावा किया कि घटना में करीब 10 अपराधी शामिल थे। उन्होंने कई को पहचान लिया है। सभी गांव के ही रहने वाले हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें पहले जान से मारने की धमकी मिली थी। इसकी जानकारी उन्होंने किसी को नहीं दी थी।

मृतका (फ़ाइल फोटो)

घटना की सूचना मिलते ही परमानंदपुर थाना अध्यक्ष रंजन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेजा गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। जांच के बाद ही असली कारण सामने आएगा। मृतका के पति समेत अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। टीम ने तकनीकी और फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। 

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव है। ग्रामीणों में आक्रोश हैं  वे अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। थाना प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो पुलिस को बताएं। जानकारी देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच जारी है। पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।



दरवाजे पर सो रही महिला की गोली मारकर हत्या दरवाजे पर सो रही महिला की गोली मारकर हत्या Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on June 21, 2025 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.