न्यायालय के आदेश पर फरार आरोपी के घर कुर्की-जब्ती, पुलिस ने जब्त किया सामान

मधेपुरा जिला के  घैलाढ़ परमानंदपुर थाना क्षेत्र में एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। यह कार्रवाई मुरलीगंज थाना कांड संख्या 199/10 से संबंधित है, जिसमें आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

जानकारी के अनुसार न्यायालय ने पहले आरोपी के खिलाफ इश्तिहार जारी करने का निर्देश दिया था। आदेश के अनुपालन में पुलिस ने आरोपी के घर डुगडुगी बजाकर इश्तिहार चिपकाया और परिजनों को नोटिस देते हुए चेतावनी दी थी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि आरोपी आत्मसमर्पण कर देता है तो कुर्की-जब्ती की कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके बावजूद आरोपी के सामने नहीं आने पर न्यायालय ने कुर्की वारंट जारी कर दिया।इसके बाद एसपी संदीप सिंह के निर्देश पर परमानंदपुर थाना अध्यक्ष विकास कुमार मिश्रा और घैलाढ़ ओपी अध्यक्ष ज्योतिष कुमार पुलिस बल के साथ भतरंधा वार्ड संख्या 5 निवासी हीरालाल यादव, पिता बोकू यादव के घर पहुंचे और कुर्की की कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने घर में रखे चौकी, पंखा, हांडी, चापाकल समेत अन्य सामान जब्त कर लिया।

कुर्की-जब्ती की इस कार्रवाई में पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। दल में एसआई सुरेंद्र कुमार, एएसआई ज्योतिष सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी व चौकीदार शामिल थे। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया और आरोपी के घर से सामान जब्त किया। जब्त किए गए सभी सामान को परमानंदपुर थाना लाया गया है। थानाध्यक्ष विकास कुमार मिश्रा ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और इस संबंध में न्यायालय को सूचित कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए, लेकिन पुलिस ने पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक पूरी की। मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से अपराधियों में कानून और न्यायालय के आदेश के प्रति सम्मान बढ़ेगा। साथ ही, घटना को अंजाम देकर फरार होने की प्रवृत्ति पर भी अंकुश लगेगा।

न्यायालय के आदेश पर फरार आरोपी के घर कुर्की-जब्ती, पुलिस ने जब्त किया सामान न्यायालय के आदेश पर फरार आरोपी के घर कुर्की-जब्ती, पुलिस ने जब्त किया सामान Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on April 30, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.