शादी की खुशियों के बीच पसरा मातम, NH-107 पर हादसे में दो युवकों की मौत

मुरलीगंज: सहरसा–पूर्णिया एनएच-107 पर मधेपुरा और पूर्णिया जिला की सीमा के पास चैनपुरा गांव के समीप मंगलवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रक (NL 01AB 6220) आधा सड़क पर और आधा नीचे खड़ा था, जो पूर्णिया की ओर जाने के लिए लगा हुआ था। इसी दौरान मुरलीगंज से जानकीनगर की ओर जा रही तेज रफ्तार हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक (BR 11AR 1913) अनियंत्रित होकर खड़े

ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान मुरलीगंज नगर पंचायत वार्ड संख्या 10 निवासी मनोज राम के पुत्र सुधीर कुमार राम के रूप में हुई है। वहीं दूसरे युवक की पहचान विक्की राम के रूप में हुई है, जो सुधीर के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। विक्की राम, नारायणपट्टी मुरहो (मधेपुरा) निवासी सचेन्द्र राम के पुत्र थे।

घर में थी शादी की खुशियां, पल भर में छा गया मातम

घटना के संबंध में मृतक सुधीर के पिता मनोज राम ने बताया कि उनके घर में छोटी बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच उनका बेटा सुधीर किसी जरूरी काम से अपने ससुराल जानकीनगर थाना क्षेत्र के मधुबन गांव जा रहा था। उन्होंने बताया कि सुधीर के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं—पांच साल का बेटा और मात्र 21 दिन की नवजात बेटी।

शादी के माहौल के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जहां घर में खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं अचानक मातम छा गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव, प्राथमिकी की तैयारी

घटना के बाद परिजन जानकीनगर थाना पहुंचे, जहां से शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों द्वारा आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है।



शादी की खुशियों के बीच पसरा मातम, NH-107 पर हादसे में दो युवकों की मौत शादी की खुशियों के बीच पसरा मातम, NH-107 पर हादसे में दो युवकों की मौत Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on April 22, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.