अवैध संबंध में युवक की गई जान !

कुमारखंड प्रखंड के भतनी थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात टेंगराहा-सिकियाहा पंचायत के बरकुरवा मुसहरी टोला वार्ड 15 में घटित हुई। मृतक की पहचान टेंगराहा-सिकियाहा पंचायत के वार्ड संख्या 12 निवासी अनिल यादव के पुत्र राजदीप यादव (18 वर्ष) के रूप में हुई है। 

हत्या के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस घटनास्थल पर पंहुचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया।

मृतक राजदीप यादव पढ़ाई छोड़कर जीविका के लिए दुकान करता था। वह बरकुरवा मुसहरी टोला निवासी कारी यादव के घर पर रहकर अपना व्यवसाय करता था। गुरुवार की रात भी वह हमेशा की तरह कारी यादव के घर में सोया हुआ था। उसी दौरान देर रात घटना को अंजाम दिया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि कारी यादव के पुत्र विजय कुमार और अन्य लोगों ने मिलकर राजदीप पर धारदार हथियार से हमला किया। उसकी गर्दन रेत दी गई और कलाई भी काट डाली गई। हमला इतना भयावह था कि राजदीप की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के पीछे का कारण आरोपी विजय यादव की पत्नी से मृतक राजदीप के कथित अवैध संबंध को बताया जा रहा है। इसी विवाद के चलते आरोपितों ने हत्या की साजिश रची और उसे सोते समय मार डाला।

हत्या के बाद आरोपितों ने शव को घर में रखने के बजाय बाहर ले जाकर गायब करने की योजना बनाई। वे शव को घसीटते हुए पास के धान खेत तक ले गए। लेकिन शव को अधिक दूरी तक ले जाना कठिन हो गया। इसके बाद आरोपितों ने शव को वापस दरवाजे पर लाकर दूसरी तरकीब अपनाने की कोशिश की। इसी बीच ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ गई और मामले का खुलासा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही भतनी थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष उमेश कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही बेलारी और कुमारखंड थाना पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से गृहस्वामी कारी यादव, उसके पुत्र विजय यादव और पुत्रवधु काजल देवी को हिरासत में ले लिया गया। तीनों से गहन पूछताछ की जा रही है।

हत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी के साथ दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने हत्या को बेहद नृशंस बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। गांव में तनाव का माहौल देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

भतनी थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या का कारण अवैध संबंध विवाद और रुपये का लेन-देन सामने आया है।हत्या के कारणों के हरेक एंगिल से छानबीन की जा रही है।गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।

मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता अनिल यादव ने आरोप लगाया कि पहले से ही विजय कुमार उनके बेटे को धमकी देता था। उन्होंने प्रशासन से न्याय और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

(रिपोर्ट: मीना कुमारी/ मधेपुरा टाइम्स)

अवैध संबंध में युवक की गई जान ! अवैध संबंध में युवक की गई जान ! Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on September 05, 2025 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.