बिहार में जंगलराज को खत्म कर स्थापित किया कानून का राज: नीतीश कुमार

बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज आलमनगर के अलावे उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित एसबीजेएस  हाई स्कूल मैदान में चुनावी सभा की। सभा में नीतीश कुमार ने पूर्व के शासनकाल को याद किया। 

उन्होंने कहा कि पहले कितने लोगों का नरसंहार होता था। 2005 में जब जनता ने हमें मौका दिया तो हमने कानून का राज कायम किया। जदयू के प्रत्याशी के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुए नीतीश ने कहा कि 2005 से हम निरंतर जनता की सेवा कर रहे हैं। जो तबका किनारे पड़ा हुआ था, हाशिए पर था, उसे हमने विकास की मुख्यधारा से जोड़ा। महिलाएं अब बिहार के विकास में मुख्य भूमिका निभा रही हैं। हमने महिलाओं को आगे लाने के लिए काम किया। पहले महिलाओं को कहां आरक्षण मिलता था। हमारी सरकार आई तब महिलाओं के लिए आरक्षण शुरू किया गया। पहले बिहार की शिक्षा व्यवस्था कैसी थी, कितने स्कूल थे गांव में और उन स्कूलों की क्या हालत थी, कितने बच्चे बढ़ने जाते थे? गरीब लोग पांचवीं कक्षा के बाद अपनी बेटियों को पढ़ने नहीं भेजते थे। बच्चियों को पढ़ाने के लिए ड्रेस की जरूरत होती थी, जिसका खर्च वे नहीं उठा पाते थे। हमारी सरकार आई तो स्कूलों की स्थिति सुधारी। बच्चियां आगे पढ़ पाएं इसके लिए ड्रेस की व्यवस्था की। बच्चियों को स्कूल जाने में दिक्कत न हो इसके लिए सभी को साइकिल दी। नीतीश ने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए हमने जीविका समूह का गठन किया।

पूर्व की सरकार ने 15 साल राज किया। इस दौरान महिलाओं के उत्थान के लिए कोई काम नहीं हुआ। कोई स्वयं सहायता समूह नहीं बना। आज जीविका स्वयं सहायता समूह से 1.20 करोड़ महिलाएं जुड़ गई हैं।

 

 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पहले कोई शाम होने के बाद घर से निकल नहीं पाता था। अपराध चरम पर था। अब अपराध के मामले में बिहार देश में 23वें नंबर पर पहुंच गया है। नीतीश ने नाम लिए बगैर तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हैं, जिनको काम करने का अनुभव नहीं है। काम कैसे किया जाता है, इसकी जानकारी नहीं है। समाज में एकजुटता रखने का भी विचार नहीं हैं, लेकिन फिर भी कुछ-कुछ बोलते रहते हैं। नीतीश ने कहा कि हम जो समाज सुधार का काम करते हैं, उससे बहुत लोगों को नाराजगी है। जो अच्छे काम हुए हैं, उसकी चर्चा न कर कुछ भी अनाप-सनाप बोलते रहते हैं। कुछ लोग मुझसे नाराज हैं, उन्हें बड़ी चिढ़ है। मेरे खिलाफ बोलने से अगर उन्हें प्रचार मिलता है तो बोलें,मेरा तो काम ही है सेवा करना। जब तक मौका मिलेगा सेवा करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कंप्यूटर पर काम करने के लिए 10 लाख लोगों ने प्रशिक्षण लिया है। हमारी सरकार फिर से सत्ता में आई तो बिहार में मेगा स्किल सेंटर बनाए जाएंगे। जिसमे युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे उनके लिए हर क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही

उन्होंने कहा कि अब हर 8 से 10 पंचायत पर एक पशु चिकित्सा खोले जाएंगे। इससे लोगों को पशुओं का इलाज कराने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इलाज के साथ मुफ्त में दवाईयां भी मिलेंगी। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि हम केन्द्र के साथ मिलकर बिहार को नई ऊँचाईयों तक ले जाना  चाहते हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा हम पूरे बिहार के बारे में सोचते हैं। वहीं कुछ लोग परिवार,पति-पत्नी और बेटा के बारे में सोचते हैं। यह किसी से छिपा हुआ नही है। 

मौके पर सांसद दिनेशचंद्र यादव ,ललन सर्राफ, जनार्दन राय, छट्ठूलाल पोद्दार, सत्यनारायण पोद्दार,सुबोध सिंह, राकेश सिंह, अखिलेश मेहता, गुड्डी देवी, मोहम्मद सगीर उद्दीन सहित अन्य मौजूद थे।

(रिपोर्ट: कुमारी मंजू)

बिहार में जंगलराज को खत्म कर स्थापित किया कानून का राज: नीतीश कुमार बिहार में जंगलराज को खत्म कर स्थापित किया कानून का राज: नीतीश कुमार Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on November 02, 2020 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.