बीएनएमयू सिंडीकेट की 123 वीं बैठक में किया 2019-20 का प्रारंभिक बजट उपस्थापित

बीएनएमयू सिंडीकेट की 123 वीं बैठक शनिवार को कुलपति डाॅ. अवध किशोर राय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें वर्ष 2019-20 का प्रारंभिक बजट उपस्थापित किया गया। यह बजट कुल 983 करोड़ का है। इसमें आय 108 करोड़ है। सरकार से 875 करोड़ का अनुदान अपेक्षित है।


बैठक में यह बताया गया कि वर्ष 2016 में प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ था, उसके लिए सिंडीकेट ने 80 लाख रूपए स्वीकृत की थी। अभी दूसरे दीक्षांत समारोह के लिए 65 लाख रूपए की प्राक्कलित राशि को स्वीकृति प्रदान की गई। दीक्षांत समारोह के लिए 17-22 दिसंबर की तिथि प्रस्तावित की गयी है। इस तिथि में दीक्षांत समारोह आयोजित करने हेतु महामहिम कुलाधिपति से आदेश प्राप्त करने हेतु पत्र लिखा जाएगा। 

दीक्षांत समारोह कुलपति कार्यालय के सामने खाले जगह पर आयोजित किया जाएगा।  आयोजन की अधिसूचना 6 सप्ताह पूर्व जारी की जाएगी। इसमें वर्ष 2015 एवं 2016 की परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इसके लिए स्नातकोत्तर डिग्रीधारकों से 15 सौ, पी-एच. डी.  डिग्रीधारकों से दो हजार, एम. डी. एवं एमएस डिग्रीधारकों से तीन हजार शुल्क लिया जाएगा।


सीएएस के तहत सिनियर लेक्चरर से रीडर के पद पर 52, सिनियर लेक्चरर से सिनियर सलेक्शन ग्रेड के पद पर 50, लेक्चरर से सिनियर लेक्चरर के पद पर 60 और मेधा प्रोन्नति के तहत लेक्चरर से रीडर के पद पर 28 शिक्षकों एवं कालबद्ध प्रोन्नति के अंतर्गत लेक्चरर से रीडर के पद पर 3 शिक्षकों की प्रोन्नति और पूर्व में प्रोन्नत 5 शिक्षकों की श्रेणी परिवर्तन को भी मंजूरी पर विचार किया गया। राज्य सरकार एवं महामहिम कुलाधिपति के निदेशानुसार पचास हजार रूपए से ऊपरशका क्रय जीईएम पोर्टल के माध्यम से करने का निर्णय लिया गया। एक प्राइवेट कंपनी को नार्थ कैम्पस में दो वर्ष के लिए दो एकड़ की जमीन किराए पर देने के निर्णय को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक की शुरुआत में कुलपति ने सभी सदस्यों का स्वागत किया और सबों को धनतेरस के शुभ अवसर चांदी का एक सिक्का भेंट किया। अंत में राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से साथ बैठक समाप्ति की घोषणा की गई। इसके पूर्व तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, भागलपुर के कुलपति डाॅ. एन. के. झा के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया।

बैठक में प्रति कुलपति डॉ. फारूक अली, विधान पार्षद डाॅ. संजीव कुमार सिंह, विधायक द्वय अनिरूद्ध प्रसाद यादव एवं नीरज कुमार सिंह 'बबलू', डीएसडबल्यू डाॅ. नरेन्द्र श्रीवास्तव, प्रभारी  कुलानुशासक डाॅ. अरूण कुमार यादव, कुलसचिव कर्नल नीरज कुमार, डाॅ. जवाहर झा, डाॅ. परमानंद यादव, डाॅ. जवाहर झा, डाॅ. अरुण कुमार मिश्र, डाॅ. देवानन्द  झा, डाॅ. अरुण कुमार उपस्थित थे।

बीएनएमयू की सिंडीकेट की बैठक में टीएमबीयू के कुलपति डाॅ. एन. के. झा के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की गई।  बीएनएमयू, मधेपुरा, के कुलपति डाॅ. अवध किशोर राय ने कहा कि डॉ. एन. के. झा राजनीति विज्ञान के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विद्वान थे। उनके निधन से न केवल टीएमबीयू, भागलपुर, वरन् पूरे देश की अपूर्णीय क्षति हुई है। हम ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। ईश्वर हमें और उनके परिजनों को इस असह्य दुख से उबरने की शक्ति दे। प्रति कुलपति डॉ. फारूक अली ने कहा कि डाॅ. एन. के. झा अंग प्रदेश के सपूत थे। उनके निधन से हम सभी मर्माहत हैं। यह शिक्षा जगत की अपूर्णीय क्षति है। 

विधान पार्षद सह सिंडीकेट सदस्य, बीएनएमयू एवं टीएमबीयू  डाॅ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि डाॅ. एन. के. झा सुप्रसिद्ध विद्वान एवं सहृदय इंसान थे। उनके आकस्मिक निधन से हमें गहरा सदमा लगा है। दुख की इस घड़ी में हम डाॅ. झा के परिजनों के साथ हैं।
बीएनएमयू सिंडीकेट की 123 वीं बैठक में किया 2019-20 का प्रारंभिक बजट उपस्थापित बीएनएमयू सिंडीकेट की 123 वीं बैठक में किया 2019-20 का प्रारंभिक बजट उपस्थापित Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on November 05, 2018 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.