के पी कॉलेज ने महिला खो-खो का खिताब किया अपने नाम, पुरुष वर्ग में सहरसा की टीम बनी चैंपियन



रोमांचक फाइनल में एमएलटी कॉलेज ने मेजबान केपी कॉलेज को 12-11 से हराया, दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण के साथ समापन


मुरलीगंज (मधेपुरा) कमलेश्वरी प्रसाद यादव महाविद्यालय के मैदान में बीएनएमयू के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय खो-खो (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता 2026-27 का शनिवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता में महिला वर्ग का खिताब मेजबान केपी कॉलेज, मुरलीगंज ने जीता, जबकि पुरुष वर्ग में एमएलटी कॉलेज, सहरसा की टीम चैंपियन बनी।
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में केपी कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केबी वुमेंस कॉलेज, मधेपुरा को 14-4 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं, पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इसमें एमएलटी कॉलेज, सहरसा ने मेजबान केपी कॉलेज को कड़े संघर्ष में 12-11 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

समापन समारोह की अध्यक्षता कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार झा ने की। समारोह में बीएनएमयू के पूर्व कुलपति अनंत प्रसाद यादव, विश्वविद्यालय के क्रीड़ा निदेशक प्रो. (डॉ.) मोहम्मद अबुल फजल तथा क्रीड़ा उपनिदेशक डॉ. जैनेंद्र कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर क्रीड़ा निदेशक प्रो. अबुल फजल ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेल के माध्यम से विद्यार्थियों में शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। क्रीड़ा उपनिदेशक डॉ. जैनेंद्र कुमार ने कहा कि खेल से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है।

प्रधानाचार्य प्रो. अशोक कुमार झा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि महाविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलकूद को भी समान महत्व दिया जाता है। उन्होंने अगले वर्ष कॉलेज परिसर में फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित कराने की घोषणा की।
मैच में रेफरी की भूमिका आनंद कुमार, बालकृष्ण कुमार, दुर्गानंद प्रसाद और दिलीप कुमार ने निभाई। मंच संचालन हिंदी विभागाध्यक्ष प्रतीक कुमार ने किया। मौके पर विश्वविद्यालय चयनकर्ता डॉ. विभीषण कुमार, विश्वविद्यालय पीटीआई राकेश कुमार, कॉलेज के खेल पदाधिकारी डॉ. अली अहमद मंसूरी, खेल सचिव डॉ. नित्यानंद पासवान, पीटीआई राजकुमार सहित विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक, कर्मचारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।
(रिपोर्ट: संजय कुमार)
के पी कॉलेज ने महिला खो-खो का खिताब किया अपने नाम, पुरुष वर्ग में सहरसा की टीम बनी चैंपियन के पी कॉलेज ने महिला खो-खो का खिताब किया अपने नाम, पुरुष वर्ग में सहरसा की टीम बनी चैंपियन Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on November 28, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.