शंकरपुर (मधेपुरा) । शंकरपुर बाजार में गुरुवार शाम करीब 6 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक आइसक्रीम फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग में फैक्ट्री में रखे सामान सहित करीब 31 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग इतनी भयावह थी कि फैक्ट्री जिस मकान में संचालित हो रही थी, वह भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मकान की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
घटना की खबर सुनकर फैक्ट्री संचालक पीड़ित भूषण शाह को गहरा सदमा लगा और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। हालांकि इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार है।जानकारी के अनुसार, प्रीत भूषण शाह ने कर्ज लेकर और अपनी जीवनभर की जमा पूंजी लगाकर आइसक्रीम फैक्ट्री शुरू की थी। आग में 18 डीप फ्रीजर, लॉली टैंक, फार्मा, बर्फ मिल, पैकिंग मशीन सहित आइसक्रीम बनाने और स्टोर करने के कई उपकरण जल गए। फैक्ट्री में रखे अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गए। देखते ही देखते लाखों रुपये की मशीनें, सामान और करोड़ों रुपये का मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना से संचालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।अगलगी के बाद स्थानीय लोगों में शंकरपुर प्रखंड में अग्निशमन केंद्र नहीं होने को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि दमकल वाहन दूर से आने के कारण आग पर समय रहते काबू पाना मुश्किल होता है, जिससे नुकसान बढ़ जाता है।
जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार, राजेंद्र यादव उर्फ गुटर और समाजसेवी फुरकान आलम ने शंकरपुर में अग्निशमन केंद्र स्थापित करने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। सीओ राहुल कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्ट: मुकेश कुमार)
आइसक्रीम फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों की क्षति
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
November 27, 2026
Rating:
No comments: