जर्जर थाना भवन की जगह बनेगा आदर्श थाना, डीआईजी ने दिया भरोसा


वार्षिक निरीक्षण में लंबित कांडों और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा, सूखे नशे के कारोबार पर सख्ती और सीमावर्ती इलाकों में तस्करी रोकने का निर्देश

कोसी रेंज के डीआईजी कुमार आशीष ने शुक्रवार को मुरलीगंज थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। थाना पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इसके बाद डीआईजी ने करीब डेढ़ घंटे तक थाना परिसर में रहकर पुलिस की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों, विभिन्न अभिलेखों और थाना स्तर पर आ रही समस्याओं की बारीकी से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने सूखे नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मुरलीगंज थाना सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित है। ऐसे में आसपास के जिलों से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी पर विशेष निगरानी रखने की जरूरत है। इस दिशा में पुलिस को सतर्कता और सक्रियता के साथ काम करना होगा।
आगामी ठंड के मौसम को देखते हुए उन्होंने पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का निर्देश दिया। बाजार स्थित पुलिस चौकी में जवानों की तैनाती नहीं होने से संबंधित सवाल पर डीआईजी ने कहा कि इस मामले की समीक्षा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर एसपी के माध्यम से वहां पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित कराई जाएगी।

*आदर्श थाना भवन निर्माण के लिए होगा मुख्यालय स्तर पर प्रयास*

थाना परिसर में स्थित पुराने और जर्जर भवन की समस्या पर डीआईजी ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि एसपी की ओर से इस संबंध में प्रस्ताव भेजा गया है। संबंधित प्रस्ताव मंगाकर मुख्यालय स्तर पर आवश्यक पत्राचार किया जाएगा, ताकि मुरलीगंज में जल्द से जल्द आदर्श थाना भवन का निर्माण कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि जब वे मधेपुरा में एसपी के पद पर कार्यरत थे, उस समय भी मुरलीगंज थाना भवन की स्थिति ऐसी ही थी। इस बार निरीक्षण के दौरान भी उन्होंने सबसे पहले थाना भवन की स्थिति की जानकारी ली।

डीआईजी कुमार आशीष ने बताया कि वार्षिक निरीक्षण का उद्देश्य थाना की कार्यप्रणाली का आकलन करने के साथ लंबित मामलों और स्थानीय समस्याओं की समीक्षा करना है, ताकि पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान एसपी संदीप सिंह, एसडीपीओ अजय कुमार सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं थाना के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
(रिपोर्ट: संजय कुमार)
जर्जर थाना भवन की जगह बनेगा आदर्श थाना, डीआईजी ने दिया भरोसा जर्जर थाना भवन की जगह बनेगा आदर्श थाना, डीआईजी ने दिया भरोसा Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on November 27, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.