मृतक की शिनाख्त बिशनपुर कोड़लाही निवासी अमरेंद्र यादव के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी रीना देवी ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। करीब एक सप्ताह पहले भी इसी विवाद को लेकर गाली-गलौज और मारपीट हुई थी। रीना देवी के अनुसार उनके पति अमरेंद्र यादव ने विवाद शांत कराने की कोशिश की थी। तभी उनके बड़े भाई अंजनी यादव ने धारदार हथियार दबिया’ से उन पर हमला कर दिया। हमले में अमरेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि परिवार के अन्य लोगों ने उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए अस्पताल नहीं जाने दिया। जिसके कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई। बाद में इलाज के अभाव में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शनिवार को बेलारी थानाध्यक्ष वरुण कुमार, कुमारखंड थानाध्यक्ष रंजन कुमार तथा भतनी थानाध्यक्ष राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त हथियार दबिया बरामद कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया। घटनास्थल की घेराबंदी कर एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संकलन किया।
बेलारी थानाध्यक्ष वरुण कुमार ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर एक सप्ताह पूर्व मारपीट की घटना हुई थी। घायल का समुचित इलाज नहीं हो सका। जिसके बाद उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी के फर्द बयान पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हत्या का आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
(रिपोर्ट: मीना कुमारी )
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
April 25, 2026
Rating:

No comments: